एक बार फिर खाकी शर्मसार, भाई की हत्या का बदला लेने के लिए गोंडा जनपद में तैनात दारोगा ने दी सुपारी
गोंडा के नवाबगंज के रहने वाले तीन कांट्रैट किलर को दी गई सुपारी, 20 हजार दिया गया था एडवांस
गोंडा/आजमगढ़। आजमगढ़ के रानी की सराय पुलिस में शुक्रवार को तीन कांट्रैक्ट किलर को गिरफ्तार किया। उनके पास से असलहे बरामद हुए है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गोंडा जिला में तैनात एक दरोगा ने दुश्मन की हत्या के लिए सुपारी दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आजमगढ़ एसपी ने इस संदर्भ में गोंडा के एसपी को पत्र लिखा है। रानी की सराय पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली कि अल्लीपुर में डीहबाबा मंदिर के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति है सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवल किशोर सिंह मौके पर पहुंचे। जहाँ से दीनानाथ यादव पुत्र भगवती यादव, डफली यादव पुत्र लल्ला यादव व देवेन्द्र नाथ यादव पुत्र रामजगन यादव निवासी तुलसीपुर माझा (पूरे अर्जुन) थाना नवाबगंज जिला गोंडा को पकड़ा। जिनकी तलाशी में दो अदद अवैध तमंचा ,तीन जिन्दा कारतूस 303 बोर एव 6 कारतूस 315 बोर, एक फोटो, एक अपाचे बाइक तथा 2050 रूपया बरामद हुआ। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि गोंडा के कौड़िया थाने में तैनात दरोगा अखिलेश यादव ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए तीनों को सुपारी दी थी। गोंडा जनपद में तैनात दरोगा और तीनों कांट्रैट किलर आसपास के गांव के ही रहने वाले हैं, दरोगा ने कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को 20 हजार रुपये एडवांस भी दिया था। घटना से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तीनों से पूछताछ की जा रही है। गोंडा के एसपी को संबंध में पत्र लिखा गया है। घटना की जांच में पुलिस लगी हुई है। उधर आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक से पत्र मिलते ही गोंडा पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने कौड़िया थाने में तैनात दरोगा अखिलेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच की संस्तुति भी कर दी है।