जनसुनवाई में वृद्ध व बीमार पिता ने बेटे की हरकतों से आहत होकर पुलिस अधीक्षक से लगाई मदद की गुहार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बेटे की स्वयं कांउसलिंग कर वृद्ध पिता की समस्या का किया निदान, पिता-पुत्र खुशी-खुशी घर हुए रवाना
गोंडा। कल दिनांक 25.08.2021 को एक वृद्ध व्यक्ति संतोष कुमार वर्मा पुत्र स्व0 श्री रामसुन्दर वर्मा नि0 पटेल नगर थाना को0नगर जनपद गोण्डा जो कि लोक निर्माण विभाग में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत है तथा वर्तमान में ब्रेन हेमरेज व लकवा रोग से पीड़ित है, ने जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक गोण्डा संतोष कुमार मिश्रा के समक्ष उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी पत्नी का देहान्त हो चुका है। उसका पुत्र हर्ष वर्मा जो कि नशे का आदी है। कई दिनों तक घर से लापता रहता है व कुछ कहने पर मारने-पीटने पर उतारू हो जाता है। वृद्ध की व्यथा को सुन पुलिस अधीक्षक नें तत्काल चौकी प्रभारी महाराजगंज उ0नि0 कुबेर तिवारी को वृद्ध की समस्या के निस्तारण के लिए उसके पुत्र को कार्यालय बुलाकर लाने का निर्देश दिया। जिस पर आज चौकी प्रभारी महाराजगंज द्वारा पीड़ित व उसके पुत्र को लाकर पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं वृद्ध के पुत्र हर्ष वर्मा की कांउसलिंग की। जिस पर पुत्र हर्ष ने अपनी गलती को मानते हुए भविष्य में अपने पिता के प्रति दुर्व्यवहार न करने व उनकी देखभाल करने का वचन दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा की गयी इस पहल के फलस्वरूप वृद्ध पिता को अपने बेटे का सहारा मिला तथा पुलिस अधीक्षक का सह्रदय धन्यवाद देते हुए पिता-पुत्र दोनो खुशी-खुशी घर रवाना हुए।