थाने में सजी सजायाफ्ता अपराधियों की महफिल, पुलिस कर्मियों का हुआ सम्मान, फोटो सोशल मीडिया पर वायरल।
कानपुर। कानपुर में पुलिस और अपराधियों का गठजोड़ जारी है। जूही थाने में मंगलवार को अपराधियों की महफिल सजी। अपराधियों ने पुलिस अफसरों को सम्मानित भी किया। दोपहर बाद सम्मान समारोह की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। एक सजायाफ्ता मुजरिम ने डीसीपी को और हिस्ट्रीशीटर को फरार कराने के आरोपी व पूर्व भाजपा नेता नारायण सिंह भदौरिया ने एसीपी और थानेदार को सम्मानित किया। उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो चुप्पी साध ली। अभी एक महीना भी नहीं हुआ, कानपुर पुलिस की टीम ही भाईसाब को नोएडा से गिरफ़्तार कर ले गई थी, अब ACP आलोक सिंह उसी के सजदे हुए जा रहे हैं। 2 जून को आकर्षण गेस्ट हाउस में नारायण सिंह भदौरिया के जन्मदिन की पार्टी थी। इसी दौरान पुलिस ने पार्टी में शामिल हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी थी। पुलिस जब मनोज को जीप में लेकर जाने लगी थी तभी उसके साथियों ने पुलिस पर हमलाकर उसको फरार करवा ले गए थे। मामले में नारायण सिंह भदौरिया व उसके साथी जेल गए थे। नारायण सिंह को पुलिस ने नोयडा से गिरफ्तार किया था। वारदात को सिर्फ दो महीने बीते हैं और पुलिस से उसकी यारी एक बार फिर सामने आ गई।
1. हत्या के मामले में सजायाफ्ता मुजरिम मोनू पांडे, साथ में डीसीपी साउथ रवीना त्यागी।
2. हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को फरार कराने के आरोपी पूर्व BJP नेता नारायण सिंह भदौरिया ACP बाबूपुरवा आलोक सिंह को सम्मानित करते हुए. डीसीपी साउथ भी मौजूद है।