21 जुलाई को बकरीद के त्यौहार के मद्देनजर मुख्यमंत्री के तरफ से जारी किया गया निर्देश
लखनऊ। बकरीद पर्व को लेकर प्रदेश मे तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं बकरीद के दौरान पशुओं की कुर्बानी को लेकर सीएम योगी ने निर्देश जारी किए हैं। सीएम ने निर्देश दिया है कि बकरीद पर्व के दौरान गोवंश, ऊंट या फिर किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न होने दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा है कि कुर्बानी किसी सार्वजनिक स्थान पर भी न हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी आयोजन में 50 से अधिक लोग एक स्थान पर एक समय में एकत्रित न हों। बता दें कि बकरीद का पर्व 21 जुलाई को मनाया जाएगा। मरकजी चांद कमेटी फरंगी महल के सदर एवं काजी-ए-शहर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली इमाम ईदगाह लखनऊ ने 11 जुलाई को ही एलान कर दिया था कि ईद उल अजहा बकरीद 21 जुलाई 2021 को होगी क्योंकि जिल हिज्ज का चांद 11 जुलाई को हो गया था। अब ऐसे में पशुओं की कुर्बानी व कोरोना संक्रमण के नियंत्रण को लेकर योगी सरकार ने नये निर्देश दिए हैं।