प्रत्येक अपराधी का भौतिक सत्यापन एवं आपरेशन तमंचा में प्रभावी कार्यवाही करने का पुलिस अधीक्षक का निर्देश
गोंडा। क्राइम ब्यूरो। आज दिनांक 19/06/21 को पुलिस अधीक्षक गोंडा सन्तोष कुमार मिश्रा ने पुलिस कार्यालय के सभागार में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारियों की मीटिंग की। जिसमे पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन के निर्देशन में अपराधियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान में कार्यवाही की समीक्षा की। तत्पश्चात प्रत्येक थाना प्रभारी से अपराधियों के अब तक किए गए सत्यापन का ब्यौरा प्राप्त किया तथा उसमें कमी पाए जाने पर कई बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक अपराधी का भौतिक सत्यापन मौके पर जाकर करने उसका डाटा त्रिनेत्र ऐप में फीड कराने के लिए निर्देशित किया। सत्यापन किए जा रहे ऐसे सभी अपराधियों का जिला क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो, थाने के रजिस्टर नंबर 8 एवं अन्य जनपदों से समन्वय स्थापित कर उनका अपराधिक इतिहास प्राप्त करने उनसे संबंधित मुकदमें जो न्यायालय में चल रहे हैं उनकी प्रगति प्राप्त कर उसमें सजा दिलवाने के लिए प्रभावी पैरवी करने के लिए निर्देशित किया। ऑपरेशन तमंचा अभियान के अंतर्गत लाइसेंस धारकों की मीटिंग करने कारतूस व सत्यापन करने और यदि सत्यापन में कोई गड़बड़ी है तो उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों से अवैध बारूद/पटाखा बनाने वालों का भौतिक सत्यापन करने, किरायेदारों का सत्यापन करने, सी प्लान को अपडेट करने तथा सभी गंभीर प्रकरणों की जांच उपनिरीक्षक से करवाने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या शरणार्थियों की जानकारी कर उनके विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है।
इस मीटिंग में अपर पुलिस अधीक्षक गोंडा श्री शिवराज समस्त क्षेत्राधिकारी गण एवं समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
