लॉकडाउन की वजह से अचानक बढ़े पान मसाला, गुटखा और सिगरेट के दाम, बड़े व्यवसाई कर रहे मुनाफाखोरी
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मोतीगंज, काहोबा, मनकापुर और खोरहसा,जमुनियाबाग और यहाँ तक की शहर में भी पान मसाला और गुटखा पर मुनाफाखोरी अचानक बढ़ गई है। बड़े दुकानदारों ने सामान का स्टॉक कर लिया है जिससे छोटे दुकानदार महंगे दामों में बेच रहे पान मसाला गुटखा। छोटे दुकानदारों से बड़े व्यवसायी कमा रहे मुनाफा पर इससे ग्राहक तथा छोटे दुकानदार हो रहे हैं परेशान। लॉकडाउन का हवाला देकर खूब हो रही है मुनाफाखोरी। बीते वर्ष की तरह कोरोना संक्रमण काल को व्यापारी एक अवसर के रूप में ले रहे है। दो दिन की तालाबंदी में ही व्यापारियों ने गुटखा, तंबाकू और सिगरेट की कीमतों में एक बार फिर बेतहाशा वृद्धि कर दी है। जिसके चलते थोक विक्रेताओं की मनमानी का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।दरअसल पिछले साल मार्च में, जब कोरोना वायरस ने अपने पैर पसारने शुरू किए और सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा कर दी थी। तब खाद्य और दवाओं जैसी आवश्यक वस्तुओं के अलावा अन्य वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई। जिसका बड़े व्यापारियों ने खूब फायदा उठाया। जिसके फलस्वरूप पांच रुपये वाला गुटखा 25 रुपये तक में बेचा गया। चूने के साथ वाला तंबाकू भी 5 गुना कीमत पर बेचा गया था। सिगरेट ओर बीड़ी के दाम भी दोगुने से ज्यादा थे। व्यापारियों द्वारा पिछले साल लॉकडाउन में की गई मोटी कमाई को कोई नहीं भूला है। अब जब कोरोना का संक्रमण इस साल फिर से बढ़ने लगा और सरकार ने अभी दो दिन के लॉक डाउन की घोषणा की है।तो व्यापारियों को बड़ा मुनाफा कमाने का रास्ता मिल गया। दरअसल,लॉक डाउन की घोषणा होते ही गुटखा, तंबाकू और सिगरेट के दाम बढ़ने लगे हैं। अभी पांच रुपये का गुटखा सात रुपये में, छह रुपये की सिगरेट दस रुपये में, दस रुपए की सिगरेट पंद्रह रुपए मे और पांच रुपये वाले तंबाकू को आठ रुपये में बेचा जा रहा है। छोटे दुकानदारों की माने तो थोक व्यापारियों द्वारा उन्हें बहुत महंगा सामान दिया जा रहा है जिसमें वे लोग अपना मुनाफा जोड़कर बेच रहे हैं। उपभोक्ताओं की समस्या को लेकर खाद्य विभाग के अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। दुकानों पर छापेमारी का अभियान बंद हो गया है।