जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा तरबगंज क्षेत्र मे चुनाव के मद्देनज़र पैदल मार्च किया गया


गोंडा। तरबगंज थाना क्षेत्र में देर शाम अचानक पहुंचे डीएम व एसपी ने पैदल मार्च कर क्षेत्रीय लोगों में शांतिपूर्ण तरीके से पंचायत चुनाव संपन्न करवाने का दिया संदेश। तरबगंज मुख्यालय पर देर शाम पहुंचे डीएम गोण्डा मार्कण्डेय शाही व एसपी संतोष कुमार मिश्रा कस्बे से पैदल मार्च करते हुए थाने पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में पैदल मार्च कर चुनाव में गड़बड़ी करने वाले अराजक तत्व को यह संदेश दिया की पंचायत चुनाव में गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं होगी। इसी के साथ तरबगंज थाने में क्षेत्र के सम्मानित व संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने लोगों से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने में सहयोग करने का आग्रह किया। लोगों को संबोधित करते हुए एसपी गोंडा संतोष कुमार मिश्रा ने कहां की पंचायत चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के ऊपर प्रशासन की पैनी निगाह है। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर उनके ऊपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। सबसे ज्यादा अराजक तत्वों की संख्या तरबगंज थाना क्षेत्र में चिन्हित की गई है। तथा चिन्हित किए गए लोगों के ऊपर गुंडा एक्ट, एनएसए व जिला बदर जैसी कार्रवाई की जा रही है। वहीं लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि पंचायत चुनाव में कोई व्यक्ति गड़बड़ी करता हुआ दिखाई पड़ता है, या किसी के ऊपर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने का अंदेशा होता है, तो आप उचित माध्यमों से थानाध्यक्ष या उच्च अधिकारियों को सूचित करें। सूचना मिलते ही अराजक तत्वों के ऊपर सख्त कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन की मंशा पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की है। जो कि आप लोगों के सहयोग से ही और अच्छे तरीके से पूरी हो सकेगी। आप लोग भयमुक्त रहिए व निर्भीक होकर चुनाव में भाग लीजिए। हर कदम पर प्रशासन आपका सहयोग करेगा।