थाना परसपुर पुलिस ने पकड़ा अवैध अपमिश्रित एवं नकली शराब बनाकर फर्जी पैकिंग एवं बोटलिंग करने वाला अन्तर्राज्यीय गैंग
गोंडा। क्राइम ब्यूरो। पुलिस अधीक्षक गोण्डा संतोष कुमार मिश्रा ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अभियान चलाकर अवैध शराब के निष्कर्षण, बिक्री व परिवहन करने वालो के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षो को दिये थे। जिसके क्रम में थाना परसपुर पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में अवैध अपमिश्रित/नकली शराब व क्यू आर कोड बरामद किए है। आज दिनांक 15.04.2021 को प्रभारी निरीक्षक थाना परसपुर मय टीम के आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दृष्टिगत क्षेत्रभ्रमण में रवाना थे कि मुखबिर खास की सूचना पर पसका पुल के पास से एक इण्डिका कार से ले जायी जा रही नकली/अपमिश्रित शराब के साथ 02 अभियुक्तों- 01. तरूण सिंह, 02. भानू प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1125 पौव्वा अपमिश्रित/नकली शराब व जामातलाशी से रू0 4600/- नगद बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगणों ने पूछताछ के दौरान बताया कि यह अपमिश्रित/नकली शराब पंचायत चुनाव में खपाने हेतु ले जा रहे थे। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त तरूण सिंह द्वारा बताया कि वह डिस्टलरी कम्पनी जनपद गोरखपुर में 10 वर्ष तक काम किया है उसे शराब बनाने का अनुभव है तथा साथी अभियुक्त भानू प्रताप ने बताया कि वह स्प्रिट शीशी गत्ता व क्यू आर कोड दिल्ली व गोरखपुर से मंगाता है और फिर ग्राम नारायणपुर मर्दन रिसालपुरवा मे एक महिला के घर अपमिश्रित शराब बनाने का कार्य करते है जिससे बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाते है। गिरफ्तार अभियुक्तगणों के निशानदेही पर पुलिस बल द्वारा ग्राम नारायणपुर मर्दन रिसालपुरवा पहुॅचकर अन्य अभियुक्तगणों 01. राहुल चौबे, 02. रवि चौबे, 03. श्रीमती मीना चौबे को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 260 पौव्वा अपमिश्रित/नकली शराब, क्यू आर कोड, ढक्कन, शराब बनाने के उपकरण व 01 अदद मोटरसाईकिल बरामद की गयी। गिरफ्तार अभियुक्तगणों ने यह भी स्वीकार किया कि अधिक लाभ के लिए पंचायत चुनाव में खपत करने हेतु अपमिश्रित/नकली शराब बनाकर बेच रहे थे।