गोंडा जनपद में कोरोना का कहर जारी, बेलहरी की प्रधान प्रत्याशी की कोरोना से हुई मौत के साथ मौतों का आंकडा पहुंचा 77,
बुधवार को मिले 126 नये मरीज,सक्रिय मरीजों की संख्या पहुंची 719
गोंडा। ब्यूरो। जनपद में बुधवार को प्राप्त 2912 जांच रिपोर्टों में कोरोना के 126 नए मरीज पाए गए हैं इसके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 5978 हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा आज शाम जारी बुलेटिन के अनुसार अब तक 1409 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रखे गए मरीजों में से 20 मरीज का आइसोलेशन अवधि आज पूरी होने के साथ ही अब तक 3773 मरीज अपनी आइसोलेशन की अवधि पूरी कर चुके हैं इसलिए उन्हें भी डिस्चार्ज मरीजों की श्रेणी में रखा गया है जिले में अब तक 77 मरीजों की मौत भी हो चुकी है इस प्रकार से आज की तारीख में जिले में सक्रिय मरीजों की कुल संख्या 719 है। । बुलेटिन के अनुसार जिले में अब तक 396597 व्यक्तियों का नमूना परीक्षण के लिए लिया जा चुका है इनमें से 395844 रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है इनमें से 389866 व्यक्तियों की रिपोर्ट नेगेटिव है। आज कुल प्राप्त रिपोर्ट में से 2786 रिपोर्ट नेगेटिव आई है। बुलेटिन के अनुसार 126 बिस्तरों वाले कोविड-19 चिकित्सालय में 35 मरीज तथा 100 बिस्तरों वाले एससीपीएम हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड लेवल दो अस्पताल में 48 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा गोंडा के बाहर विभिन्न अस्पतालों में 5 मरीज भर्ती हैं इसके अलावा 625 से ज्यादा मरीजों को आज की तारीख में भी होम आइसोलेशन में रखा गया है। गोंडा जिला अधिकारी श्री मार्कंडेय शाही के आदेशानुसार जहाँ पर भी कोरोना के पॉजिटिव मरीज पाए जा रहे हैं वहां पर कंटेंटमेंट जोन बनाकर सैनिटाइजेशन की कार्यवाही की जा रही है लेकिन फिर भी चुनाव के इस दौर में कोरोना के संक्रमण को रोक पाना काफी दुष्कर कार्य लग रहा है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सबसे जरूरी है लोग इस संक्रमण से खुद को भी बचाएं और दूसरों को भी बचा कर रखें।