गोंडा जनपद में कोरोना का विस्फोट, शुक्रवार को मिले 328 और शनिवार को 180 नये पॉजिटिव मरीज
संक्रमित मरीजों की संख्या पहुंची 1256, अब तक कुल 80 की मृत्यु
गोंडा। ब्यूरो। जनपद में शनिवार को प्राप्त 4413 जाँच रिपोर्टों में कोरोना के 180 नए मरीज पाए गए हैं इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 6628 हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा आज शाम जारी बुलेटिन के अनुसार अब तक 1411 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रखे गए मरीजों में से 57 मरीज का आइसोलेशन अवधि आज पूरी होने के साथ ही अब तक 3881 मरीज अपनी आइसोलेशन की अवधि पूरी कर चुके हैं इसलिए उन्हें भी डिस्चार्ज मरीजों की श्रेणी में रखा गया है जिले में अब तक 80 मरीजों की मौत भी हो चुकी है इस प्रकार से आज की तारीख में जिले में सक्रिय मरीजों की कुल संख्या 1256 है। । बुलेटिन के अनुसार जिले में अब तक 406224 व्यक्तियों का नमूना परीक्षण के लिए लिया जा चुका है इनमें से 406207 रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है इनमें से 399579 व्यक्तियों की रिपोर्ट नेगेटिव है। आज कुल प्राप्त रिपोर्ट में से 4233 रिपोर्ट नेगेटिव आई है। बुलेटिन के अनुसार 126 बिस्तरों वाले कोविड-19 चिकित्सालय में 62 मरीज तथा 100 बिस्तरों वाले एससीपीएम हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड लेवल दो अस्पताल में 72 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा गोंडा के बाहर विभिन्न अस्पतालों में भी मरीज भर्ती हैं इसके अलावा एक हजार से ज्यादा मरीजों को आज की तारीख में भी होम आइसोलेशन में रखा गया है। गोंडा जिला अधिकारी श्री मार्कंडेय शाही के आदेशानुसार जहाँ पर भी कोरोना के पॉजिटिव मरीज पाए जा रहे हैं वहां पर कंटेंटमेंट जोन बनाकर सैनिटाइजेशन की कार्यवाही की जा रही है लेकिन फिर भी चुनाव के इस दौर में कोरोना के संक्रमण को रोक पाना काफी दुष्कर कार्य लग रहा है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सबसे जरूरी है लोग इस संक्रमण से खुद को भी बचाएं और दूसरों को भी बचा कर रखें।