कारखानों में कार्यरत श्रमिकों / कर्मचारियों को कोविड -19 के संक्रमण से बचाव हेतु समुचित व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा निर्देश
गोंडा। ब्यूरो। उपश्रमायुक्त देवीपाटन मण्डल, रचना केसरवानी ने वर्तमान में कोविड -19 के संक्रमण के पुनः तीव्रगति से बढ़ने के कारण प्रदेश के समस्त कारखानों में कार्यरत श्रमिकों / कर्मचारियों को कोविड -19 के संक्रमण से बचाव हेतु समुचित व्यवस्था के संबंध में मुख्य सचिव , उ0 प्र0 शासन के निर्देशानुसार दिशा - निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराये जाने के दिए गए निर्देश के क्रम में बताया है कि प्रदेश के समस्त कारखानों में , जहां काफी संख्या में श्रमिकों / कर्मचारियों एवं जनता का आना - जाना होता हो , कोविड हेल्प डेस्क स्थापित किया जायेगा तथा कोविड हेल्प डेस्क पर कोविड -19 से बचाव हेतु सामान्य जानकारी का पोस्टर लगाया जायेगा । हेल्प डेस्क पर तैनात किये जाने वाले श्रमिकों को कोविड -19 के संक्रमण से बचाव के लिये सामान्य जानकारी से अवगत कराया जायेगा । कारखानों में कार्यरत श्रमिकों / कर्मचारियों के द्वारा नियमित रूप से मास्क एवं ग्लब्स पहना जायेगा तथा एक - दूसरे से सम्पर्क करते समय 02 गज की दूरी बनाये रखने की व्यवस्था की जायेगी । प्रदेश के समस्त कारखानों में सैनिटाइजर , थर्मल स्कैनर एवं पल्स ऑक्सीमीटर की उपलब्धता सुनिश्चित किया जायेगा। लक्षणात्मक श्रमिकों के ऑक्सीजन सेचुरेशन की जाँच पल्स ऑक्सीमीटर से की जायेगी । इस हेतु किसी भी कर्मी को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जायेगा । इसकी रीडिंग 94 % से कम आने पर प्रकरण मुख्य चिकित्साधिकारी / निकटस्थ सी० एच० सी० / जिला चिकित्सालय को संदर्भित किया जायेगा । प्रत्येक प्रयोग के पश्चात् पल्स ऑक्सीमीटर को हाइड्रोजन पराक्साइड से विसंक्रमित किया जायेगा । कारखानों में कार्यरत प्रत्येक श्रमिक / कर्मचारी को आरोग्य - सेतु ऐप डाउनलोड करने एवं इसका सक्रिय उपयोग करने हेतु प्रेरित किया जायेगा । कारखाना परिक्षेत्र में तम्बाकू उत्पादों का प्रयोग नही किया जायेगा । प्रदेश के समस्त कारखानों में कार्यरत कोई भी श्रमिक / कर्मचारी खांसी , बुखार , सांस लेने में परेशानी , गले में खराश आदि से पीड़ित हैं तो ऐसे श्रमिक / कर्मचारी ड्यूटी पर न आयें । प्रदेश के समस्त कारखानों में स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित खांसी , बुखार , सांस लेने में परेशानी , गले में खराश आदि से पीड़ित श्रमिकों / कर्मचारियों की सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग के राज्य टोल - फ्री नं0-1800-180-5145 या जनपदीय नियंत्रण कक्ष को दिया जायेगा ।