अधिकारी ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण को तवज्जो दें, समय से हो ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण -- अपर आयुक्त
ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण में अच्छा काम करने वाले विभाग होंगे सम्मानित
वित्तीय अनियमितता से बचने के लिए समय से हो ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण - अपर आयुक्त
आयुक्त, देवीपाटन मंडल श्री एसवीएस रंगाराव के निर्देशानुसार अपर आयुक्त, देवीपाटन मंडल श्री राकेश शर्मा ने आडिट आपत्तियों के निस्तारण की अनुश्रवण समिति की बैठक में शिक्षा विभाग व स्थानीय निकाय से संबंधित अधिकारियों को इस बात के कड़े निर्देश दिए हैं कि वे ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण को तवज्जो दें तथा समय से ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने ऑडिट आपत्तियों से संबंधित सभी विभागों से अपेक्षा की है कि वे आपत्तियों के निस्तारण हेतु अनुश्रवण समिति के बैठक का इंतजार न कर सभी ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण कराएं ताकि वित्तीय अनियमितता न होने पाए।
बैठक में अपर आयुक्त श्री शर्मा ने लेखा परीक्षा से संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे विभिन्न विभागों से प्राप्त अनुपालन आख्या में यदि आपत्ति ठीक प्रकार से निस्तारित है तो उसे सूची से काट दें, अन्यथा की दशा में संबंधित विभाग को कारण सहित शीघ्र अवगत करा दें।उन्होंने उपनिदेशक ऑडिट श्री श्याम सिंह से कहा कि ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण में अच्छा काम करने वालों को सम्मानित कराएं तथा जिनका काम खराब है उनको एक मौका देते हुए उनसे शीघ्र लंबित ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि आगामी बैठक में हर हाल में प्रगति दिखाई देनी चाहिए।
उपनिदेशक ऑडिट श्री श्याम सिंह ने बैठक में कहा कि जिन विभागों में गंभीर ऑडिट आपत्तियां हैं, उनसे संबंधित अधिकारी उन आपत्तियों का शीघ्र निस्तारण करा दें। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद गोंडा में 2328, करनैलगंज 339, नवाबगंज 871 तथा बहराइच में 1538, नानपारा में 565, बलरामपुर में 406 एवं उतरौला में 121 एवं नगर पंचायत रिसिया में 489, जरवल में 511 तथा मनकापुर में 299 आनिस्तारित आपत्तियां हैं।
बैठक में बेसिक शिक्षा समिति,माध्यमिक शिक्षा तथा मंडल के अंतर्गत स्थित महाविद्यालयों से संबंधित अनिस्तारित आपत्तियां की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मंडल के अंतर्गत माध्यमिक व जूनियर हाई स्कूल से संबंधित आनिस्तारित आपत्तियों के बारे में अवगत कराया गया कि जनपद गोंडा में 7657, बलरामपुर में 1860, बहराइच में 3071 तथा श्रावस्ती में 1763 अनिस्तारित आपत्तियां हैं। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप निदेशक, आडिट देवीपाटन मण्डल /संयोजक अनुश्रवण समिति श्याम सिंह,जिला लेखा परीक्षा अधिकारी बलरामपुर वी0एन0पाण्डेय, जिला लेखा परीक्षा अधिकारी श्रावस्ती संजय वैश्य, जिला लेखा परीक्षा अधिकारी बहराइच हरिमंगल सरोज, प्रभारी जिला लेखा परीक्षा अधिकारीआमोद शंकर शुक्ल, जिला विद्यालय निरीक्षक गोंडा राकेश सिंह सहित अन्य जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक एवं लेखा अधिकारी, मंडल के महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य/लेखाकार/लिपिक, तथा नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।