गोंडा। महिला अस्पताल से गुरुनानक चौक चौराहे तक होगा रेड जोन
गोंडा। आखिरकार नवागत जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही को नगर क्षेत्र में जाम की समस्या से रूबरू होना पड़ा, आज जब जिलाधिकारी गोंडा खुद महिला अस्पताल से गुरुनानक चौक चौराहे के बीच नगर क्षेत्र में जाम में फंसे तब उन्हें लोगों की समस्याओं का एहसास हुआ और जिलाधिकारी गोंडा श्री मार्कंडेय शाही ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला अस्पताल से गुरुनानक चौक चौराहे तक रेड जोन यानी नो पार्किंग जोन घोषित करने के लिए पुलिस अधीक्षक और सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र लिख दिया। उन्होंने लिखा कि अस्पताल के सामने से चौराहे तक सड़क की पटरी पर अवैध रूप से ठेला लगाने तथा वाहनों को खड़ा करने के कारण यहां आने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है और जाम में फंसना पड़ता है जिसके वजह से कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंसती है। जिलाधिकारी गोंडा ने पुलिस अधीक्षक और सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र लिखकर अवैध रूप से लगने वाले ठेला और वहां पर खड़ी होने वाली गाड़ियों को हटाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि इससे पूर्व की भांति नो पार्किंग जोन बनाए रखा जाए।