किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस हो, अन्यथा होगा आंदोलन- ओम प्रकाश राजभर
गोंडा। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की समीक्षा बैठक स्वर्गीय राम औतार सिंह इंटर कालेज केशवनगर पश्चिमी में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार ने अच्छे दिन के सपने दिखाकर पिछड़ों तथा दलितों के साथ छल किया है। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार पराली जलाने पर किसानों को जागरूक करने के बजाय उन पर मुकदमे दर्ज कर रही है और किसानों को जेल भेज रही है।इस पर हम चुप नहीं बैठेंगे। श्री राजभर ने कहा कि अगर सरकार किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेती है तो लखनऊ में किसानों के साथ धरना-प्रदर्शन करेंगे। राजभर ने कहा कि जिस तरह सरकार कोरोना महामारी से बचने के लिए तरह तरह से लोगों को जागरूक कर रही है, ठीक उसी प्रकार किसानों को भी जागरुक करने की आवश्यकता है।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राधेश्याम राजभर उर्फ पप्पू राजभर तथा संचालन प्रदेश महासचिव तुलसीराम राजभर ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राधेश्याम उर्फ पप्पू राजभर, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी राम लौटन पटेल, रजिया बानो, शुभम श्रीवास्तव, उमाशंकर राजभर, नरसिंह राजभर, नन्हे राजभर, राम निवास राजभर, बृजेन्द्र पटेल, अशोक वर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।